मंइया सम्मान योजना: महिलाओं को जल्द मिलेगा योजना का लाभ:-
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने बुधवार को द्वितीय अनुपूरक बजट को मंजूरी दे दी। इसके बाद विधि विभाग ने अधिसूचना जारी की और वित्त विभाग ने संबंधित पत्र भेज दिया। अब महिला, बाल एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग ने स्वीकृत आदेश के लिए मुख्यमंत्री को फाइल भेजी है। उम्मीद है कि जल्द ही मंइया सम्मान योजना के तहत महिलाओं के बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर किए जाएंगे।
55 लाख लाभुकों को मिलेगा लाभ:-
इस योजना से करीब 55 लाख महिलाओं को फायदा मिलेगा। नोडल विभाग (महिला बाल विकास) ने मुख्यमंत्री से पैसे ट्रांसफर करने की तारीख तय करने का अनुरोध किया है। सूत्रों के अनुसार, क्रिसमस से पहले लाभुकों के खातों में पैसे भेजे जा सकते हैं।
बजट में महिलाओं को प्राथमिकता:-
राज्य सरकार ने हाल ही में विधानसभा सत्र में 11,697 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया था। इसमें सबसे ज्यादा राशि 6,390 करोड़ रुपये महिला, बाल विकास और सामाजिक सुरक्षा विभाग को आवंटित की गई। इसके अलावा ऊर्जा विभाग को 2,577 करोड़, शिक्षा विभाग को 574 करोड़ और स्वास्थ्य विभाग को 144 करोड़ रुपये मिले हैं।










