विकास कुमार
गढ़वा :- रंका प्रखंड के खरडीहा पंचायत के शेराशाम गांव में बीती रात दुर्गा पूजा पंडाल में एक अप्रिय घटना घटित हुई। रात्रि लगभग 12 बजे अचानक तेज बारिश के साथ वज्रपात होने से पंडाल में अफरातफरी मच गई। इस हादसे में लगभग 7 लोग वज्रपात की चपेट में आकर घायल हो गए।
घटनास्थल पर भगदड़ मच गई, जिसके कारण लोग अंधेरे में जान बचाने के लिए इधर-उधर दौड़ने लगे। इस दौरान कई अन्य लोग भी चोटिल हो गए। घायलों को तुरंत 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रंका लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया।
इनमें से चार गम्भीर रूप से घायल व्यक्तियों को गढ़वा रेफर किया गया है। हालांकि, सभी घायल व्यक्ति सुरक्षित हैं और उनका स्वास्थ्य सामान्य है। घटना में शामिल अन्य लोगों को हल्की चोटें आई हैं, जिनका इलाज गांव में ही किया जा रहा है।
घायलों में दिनेश सिंह, शिवकाली देवी, प्रिंस कुमार सिंह, दयानंद सिंह, नीरज सिंह, चंदन सिंह, बासमती कुंवर, और बेचन सिंह शामिल हैं।










