गढ़वा:- गढ़वा जिले के रंका प्रखंड अंतर्गत हुरदाग गांव के तितही टोला में हुई इस सनसनीखेज़ घटना में एक अहम पहलू और सामने आया है। गढ़वा जिला के रंका प्रखंड में फैली बच्चा चोर की अफवाह के बीच हालात उस समय और बिगड़ने लगे, जब ग्रामीणों की भीड़ उग्र हो गई।
इसी दौरान स्थानीय पत्रकार विकास कुमार ने साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर भीड़ को समझाने की कोशिश की और काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चियों को लोगों के गुस्से से बचाया। स्थिति बेहद तनावपूर्ण थी, लेकिन विकास कुमार ने संयम बनाए रखते हुए भीड़ को काबू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बताया जा रहा है कि यदि समय रहते हस्तक्षेप नहीं किया जाता, तो बच्चियों के साथ मारपीट की आशंका थी। पत्रकार की तत्परता से दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया।
इसके बाद पुलिस ने बच्चियों को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की और पूरे मामले की जांच में जुट गई। प्रशासन ने एक बार फिर अपील की है कि किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और कानून को अपने हाथ में न लें।










