रंका: रंका प्रखंड के सिंजो गांव के पश्चिम कोरवा टोला में अन्नराज डैम नदी का पानी घटने का नाम नहीं ले रहा है, जिससे ग्रामीणों के आवागमन में गंभीर परेशानी हो रही है। चार महीने से अधिक समय से ग्रामीण रंका अनुमंडल मुख्यालय आना-जाना नहीं कर पा रहे हैं।
ग्रामीण नीतीश कुमार यादव, भोला यादव, भजन यादव, राजेंद्र कोरवा, सोमारू कोरवा, महेंद्र कोरवा और शंकर कोरवा ने बताया कि डैम का पानी गांव के चारों ओर फैला हुआ है और पुलिया डूब जाने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। चार महीने पहले लोग नाव का सहारा लेकर आवागमन करते थे, लेकिन अब नाव भी बंद हो चुकी है।
ग्रामीण टायर के सहारे तैरकर अन्नराज डैम नदी पार करने को मजबूर हैं और एक सप्ताह के लिए खाने-पीने की सामग्री जमा कर लेते हैं।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से अन्नराज डैम का फाटक खोलने की मांग की है ताकि पानी का स्तर कम हो सके। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि दो महीने पहले नवरात्रि के दौरान कोरवा जाति का एक व्यक्ति डूब गया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी।
इस साल भारी बारिश के कारण अन्नराज डैम का पानी अब तक सिंजो गांव में फैला हुआ है, जिससे ग्रामीणों के धान के खेत भी पानी में डूबे हुए हैं।










