जंगल से भटका बारहसिंगा गांव में पहुंचा, वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने सफलतापूर्वक किया बचाव
कांडी, प्रतिनिधि। शनिवार को झारखंड के कांडी प्रखंड के बलियारी गांव अंतर्गत बरवाडीह टोला में एक बारहसिंगा जंगल से भटक कर गांव में पहुंच गया, जिससे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों ने जानवर को काबू में करने के लिए उसे रस्सी से बांध दिया और तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही भवनाथपुर रेंज के रेंजर प्रमोद कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजा।
रेस्क्यू टीम में वनकर्मी अनूप सिंह, कुंदन कुमार, निशांत कुमार पप्पू, राकेश कुमार, और विकास कुमार सहित अन्य कर्मी शामिल थे। रेस्क्यू के दौरान बारहसिंगा ने हमला कर दो वनकर्मियों को घायल कर दिया और वाहन को भी क्षति पहुंचाई।
रेंजर प्रमोद कुमार ने बताया कि बारहसिंगा को सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर क्षेत्रीय कार्यालय भवनाथपुर ले जाया गया। यदि जानवर घायल पाया जाता है, तो पहले उसका इलाज किया जाएगा और फिर उसे वापस जंगल में छोड़ा जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों के त्वरित सहयोग और वन विभाग की तत्परता की प्रशंसा की।










