गढ़वा से रामानुजगंज तक 50 किलोमीटर सड़क बनेगी फोरलेन, सांसद विष्णु दयाल राम के प्रयासों को मिली सफलता

गढ़वा। झारखंड के गढ़वा जिले की NH-343 मार्ग पर गढ़वा से रामानुजगंज तक लगभग 50 किलोमीटर लंबी सड़क के फोरलेन निर्माण के लिए विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) की मंजूरी सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार ने दे दी है। यह बड़ी सफलता पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम के लगातार प्रयासों का परिणाम है।
सांसद विष्णु दयाल राम ने सड़क की जर्जर हालत को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर और व्यक्तिगत तौर पर मुलाकात कर इस सड़क को फोरलेन में विकसित करने का आग्रह किया था। इसी के फलस्वरूप मंत्री कार्यालय से 11 अगस्त 2025 को जारी पत्र में इस परियोजना के लिए DPR की स्वीकृति की सूचना प्राप्त हुई है।
यह फोरलेन सड़क न केवल गढ़वा जिले को छत्तीसगढ़ राज्य से जोड़ेगी, बल्कि स्थानीय जनता के आवाजाही को भी काफी आसान और सुरक्षित बनाएगी। परियोजना के अंतर्गत रंका बाईपास का भी निर्माण किया जाएगा, जिससे यातायात सुगमता और बढ़ेगी।
सांसद राम ने इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के मंत्री नितिन गडकरी के प्रति अपने संसदीय क्षेत्र की ओर से हार्दिक धन्यवाद और आभार व्यक्त किया है।
यह फोरलेन मार्ग बनने से क्षेत्र के विकास को भी बढ़ावा मिलेगा तथा व्यापार, आवागमन में सुधार होगा। निर्माण कार्य जल्द ही शुरू होने की संभावना है, जिससे स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
यह सड़क वर्तमान में दो-लेन मार्ग है, जो तेजी से बढ़ती ट्रैफिक की मांग को पूरा करने के लिए चौड़ा किया जाएगा और आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा।
इस परियोजना से गढ़वा और इसके आस-पास के इलाकों में आर्थिक गतिविधियों को बल मिलने की उम्मीद है, साथ ही यह जनजीवन को भी बेहतर बनाने में मददगार साबित होगी।










