गढ़वा न्यूज – बरडीहा थाना क्षेत्र के सुख नदी पंचायत के अंतर्गत आने वाले खर्डीहा गांव में शनिवार दोपहर करीब 1 बजे एक दुखद घटना हुई। बिना बारिश के अचानक आकाशीय बिजली गिरने से 65 वर्षीय पनब सिया कुंअर की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक विजया यादव की माता थीं।

मृतक की पोती पिंतु यादव ने बताया कि उनकी दादी खेत में धान की निराई कर रही थीं, तभी तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी और वह वहीं गिर पड़ी। आसपास के स्थानीय लोगों की भीड़ तुरंत मौके पर जुट गई और वे उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इस घटना में एक बकरी की भी मौत हुई।
इस मामले की सूचना मिलते ही बरडीहा थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह के आदेश पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया गया।










