पलामू जिले के जपला में रेल कारखाना खोलने की योजना: सांसद विष्णुदयाल राम ने दी जानकारी
लाइट झारखंड, ब्यूरो रिपोर्ट:- पलामू जिले के हुसैनाबाद प्रखंड स्थित जपला में बंद पड़ी सीमेंट फैक्ट्री की जमीन पर रेल कारखाना खोलने को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री से बातचीत की गई है। सांसद विष्णुदयाल राम ने शुक्रवार को हैदरनगर पश्चिमी के भाई बिगहा में सड़क शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान इस बात की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस योजना के साकार होने पर क्षेत्र के हजारों बेरोजगार युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा।

सांसद विष्णुदयाल राम ने यह भी बताया कि जपला सोन नदी पर पुल निर्माण की स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है। पुल बनने के बाद पलामू से वाराणसी और बिहार की दूरी काफी कम हो जाएगी, जिससे आवागमन भी सुगम होगा। वहीं, जपला सीमेंट कारखाने की बेकार पड़ी भूमि पर रेल कारखाना खुल जाने से बेरोजगारी की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी।
सांसद ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड में बिजली की स्थिति काफी खराब है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से पलामू और गढ़वा जिले में 20-20 मेगावाट सोलर पावर हाउस की स्थापना की स्वीकृति मिले एक साल हो गए हैं, लेकिन राज्य सरकार ने अब तक आवश्यक सौ-सौ एकड़ भूमि उपलब्ध नहीं कराई है। सांसद का आरोप था कि राज्य सरकार को विकास से कोई लेना-देना नहीं है।
सांसद ने जनता से भी सहयोगात्मक रवैया रखने की अपील की। उन्होंने बताया कि हैदरनगर के 50 बीटी रेलवे क्रॉसिंग पर रेल ओवरब्रिज का निर्माण होगा, जिसका डीपीआर तैयार कर लिया गया है। इसके अलावा, सांसद ने कहा कि हैदरनगर और मोहम्मदगंज में गरीब रथ एक्सप्रेस के ठहराव को लेकर रेल मंत्री से बात की जाएगी।
सांसद विष्णुदयाल राम ने पर्यटन की दृष्टि से मोहम्मदगंज और हैदरनगर में सुविधाएं बढ़ाने की बात भी कही, ताकि इन क्षेत्रों का समग्र विकास हो सके। उन्होंने कहा कि यदि ये योजनाएं अमल में आती हैं, तो इससे न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि क्षेत्र के आवागमन और बिजली की समस्या का भी समाधान होगा।










