गढ़वा न्यूज: चिनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न गांवों में जंगली हाथियों का उत्पात जारी है, जिससे ग्रामीणों में भय और हताशा का माहौल बना हुआ है। मसरा गांव में सुनेश्वर चौधरी के घर को हाथियों ने क्षतिग्रस्त कर दिया और घर में रखे धान, मकई, बर्तन, कपड़ा सहित कई सामानों को बर्बाद कर दिया। इसके अलावा, हाथियों ने गांव के कई किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंचाया है।
ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों के झुंड से बिछड़ा एक हाथी गांवों में आतंक का पर्याय बन गया है। वह लगातार घरों को निशाना बना रहा है और घर में रखे अनाज को तोड़कर खा रहा है। पिछले दो वर्षों से चिनिया थाना क्षेत्र के बिलैतीखैर, चपकली, डोल, खुरी, मसरा, बेता, तहले, चिरका सहित कई अन्य गांवों में जंगली हाथियों का आतंक जारी है, जिससे जंगल किनारे रहने वाले किसान भारी नुकसान झेल रहे हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगली हाथियों को भगाने की लगातार मांग की है, परंतु अबतक वन विभाग ने इस दिशा में कोई उचित कदम नहीं उठाया है। ग्रामीणों की यह स्थिति वन विभाग की निष्क्रियता पर सवाल खड़ा करती है और वे जल्द ही समस्या के समाधान की उम्मीद कर रहे हैं।










