भालू के हमले में महिला गंभीर रूप से घायल

गुमला न्यूज: गुमला जिले के बिशुनपुर थाना क्षेत्र के चापाटोली निवासी 40 वर्षीया पोको देवी पर अचानक दो भालुओं ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह हादसा रविवार की सुबह हुआ, जब वह अपने बेटे के साथ लकड़ी चुनने जंगल गई थीं। 

महिला का सदर अस्पताल गुमला में इलाज चल रहा है। वन विभाग की ओर से उन्हें दस हजार रुपये की आर्थिक मदद दी गई है। 

पोको देवी की पुत्री अमिका कुमारी ने बताया कि उनकी मां और छोटा भाई गांव से सटे जंगल में सूखी लकड़ी लाने गए थे। अलग-अलग स्थानों से लकड़ी ढूंढ कर रखने के दौरान, मंजीरा फॉरेस्ट तालाब के ऊपर वाले हिस्से में उनकी मां पर अचानक दो भालुओं ने हमला कर दिया। काफी देर तक पोको देवी भालुओं से जूझती रहीं और हल्ला-गुल्ला करने के बाद भालू जंगल की ओर भाग गए। 

इस हादसे के बाद से गांव में भय और चिंता का माहौल है। वन विभाग ने प्रभावित परिवार की मदद करने का आश्वासन दिया है और ग्रामीणों को जंगल में सतर्क रहने की सलाह दी है।