हाथियों का आतंक, मचा हड़कम

गढ़वा: शनिवार रात को झारखंड के खुरी गांव में जंगली हाथियों के एक झुंड ने उत्पात मचाया। इस घटना में कई किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा और गांव के निवासी रामचंद्र गुप्ता और सुभाष भुइयां के मकान क्षतिग्रस्त हो गए। जंगली हाथियों ने घर में रखे अनाज, कपड़ा, बर्तन सहित कई सामानों को भी बर्बाद कर दिया।

घटना रात करीब 1.30 बजे की है, जब हाथियों का झुंड गांव पहुंचा और फसलों को रौंदते हुए दो घरों को गिरा दिया। इस दौरान रामचंद्र गुप्ता का 15 वर्षीय पुत्र, छोटन गुप्ता, हाथी से बचने के प्रयास में गिरकर घायल हो गया।

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दो वर्षों से क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक बढ़ गया है, जिससे लोग दहशत में जी रहे हैं। इन हमलों के चलते हजारों एकड़ फसल नष्ट हो चुकी हैं और अब तक आधे दर्जन से अधिक लोग और कई पालतू पशु हाथियों के हमले में मारे जा चुके हैं। 

वन विभाग के प्रभारी वनपाल ने बताया कि जंगली हाथियों द्वारा किए गए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और सरकारी प्रावधान के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा। ग्रामीणों ने मुआवजा की मांग करते हुए वन विभाग से क्षेत्र से जंगली हाथियों को हटाने की अपील की है, लेकिन अब तक कोई उचित पहल नहीं की गई है, जिससे ग्रामीण गुस्से में हैं।